मुंबई में यूथ आइकॉन ऑफ़ झारखंड सम्मान से नवाज़े गए संजय मेहता

0
127

बरही (धनंजय कुमार): संजय मेहता को भगवान बिरसा मुंडा यूथ आइकॉन ऑफ़ झारखंड सम्मान से नवाज़ा गया है। यह सम्मान उन्हें देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में पद्मश्री मधु मंसूरी, पद्म श्री छूटनी देवी, सुप्रीम कोर्ट बार एसोसीएशन के कार्यकारी समिति एवं केन्द्रीय प्रशासनिक अधिकरण के सदस्य रहे जोग सिंह के हाथों प्रदान किया गया। 26 नवंबर 2021 को मुंबई के बोरीवली स्थित प्रबोधानकर ठाकरे सभागार में झारखंड के 21 वर्ष पूरे होने पर एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसे झारखंड इंटेलेक्चुअल फ़ोरम के बैनर तले आयोजित किया गया। इसी सम्मान समारोह में उन्हें दर्जनों प्रतिष्ठित ख्यातिप्राप्त व्यक्तित्व के समक्ष यह सम्मान प्रदान किया गया। इस सम्मान समारोह में झारखंड के चुनिंदा विशिष्ट व्यक्तित्व को अपने – अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने के लिए विभिन्न श्रेणी में अलग – अलग सम्मान दिया गया। संजय मेहता को लॉकडाउन के दौरान अतुल्य एवं उल्लेखनीय कार्य एवं ग्रामीण, आदिवासी समाज के विषयों पर प्रशंसनीय योगदान के लिए यह सम्मान दिया गया। ज्ञात हो कि संजय मेहता ने अपने टीम के प्रयास से लॉक डाउन के दौरान 292 मज़दूरों को फ़्लाइट से घर तक भेजा था। जिसमें सभी पहली बार फ़्लाइट बैठने वाले मज़दूर थे। इन मज़दूरों को मुंबई, दिल्ली,राजस्थान, गोवा समेत देश के अन्य हिस्सों से झारखंड, बिहार और उड़ीसा के अलग – अलग क्षेत्रों में गंतव्य तक भेजा था।

पंचायती राज एवं ग्रामीण जनजातीय जीवन पर कर रहे हैं रिसर्च

संजय मेहता ने मास कम्यूनिकेशन में पीजी की शिक्षा हासिल करने के बाद एलएलबी की शिक्षा हासिल की है. वर्तमान में वे पंचायती राज एवं ग्रामीण जनजातीय जीवन पर रिसर्च कर रहे हैं। इन्हें पूर्व में नवोदय विद्यालय समिति के द्वारा भी सम्मानित किया जा चुका है। संजय मेहता झारखंड के हज़ारीबाग़ ज़िले अंतर्गत बरही के निवासी हैं। सम्मान समारोह के इस कार्यक्रम में भारत रत्न रतन टाटा के सचिव योगेश जोशी, मुंबई नॉर्थ के सांसद गोपाल शेट्टी, विधायक प्रवीण दरेकर, झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री बाबुलाल मरांडी, राँची की महापौर आशा लकड़ा, मोंगिया टीएमटी के सीएमडी गुणवंत सिंह मोंगिया, बॉलीवुड के कलाकार पुनीत इस्सार, आईएएस रचित राज समेत कई प्रतिष्ठित प्रशासनिक पदाधिकारी एवं उद्योगपति उपस्थित रहे। संजय मेहता 2019 के झारखंड विधानसभा चुनाव में सबसे कम उम्र के प्रत्याशी रहे हैं। संजय मेहता को सम्मान मिलने के बाद से लगातार बधाई संदेश प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने कहा की यह सम्मान मैं झारखंड के अमर शहीदों के चरणों में समर्पित करता हूँ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here